
महाराष्ट्र : शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में आधिकारिक जानकारी जल्द ही शिवसेना के केंद्रीय कार्यालय से जारी की जाएगी। सूत्रों ने यह दावा ऐसे वक्त में किया है जब भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बीते दिनों हुए राजनीतिक उठापटक ने बीजेपी और शिवसेना के बीच दूरियां बढ़ा दी हैं। द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन देने के उद्धव के फैसले को कांग्रेस और एनसीपी के लिए झटके के तौर पर देखा जा रहा है। विपक्ष ने पूर्व आईएएस अधिकारी और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। बीते दिनों कुछ शिवसेना सांसदों ने भी कहा था कि पार्टी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देना चाहिए।