नई दिल्लीः तिहाड़ जेल में सजा काट रहे दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन जिस व्यक्ति से अपनी मसाज करवा रहे थे, वो रेप का आरोपी है। जेल में मसाज के वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाया था। उसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि जैन की तबीयत खराब है और उन्हें फीजियोथेरैपी दी जा रही है।
तिहाड़ के ऑफिशियल सूत्रों के मुताबिक जैन को मसाज देने वाला व्यक्ति पॉक्सो एक्ट में बंद है। उसे एक साल पहले गिरफ्तार किया गया था। वह फीजियोथैरेपिस्ट नहीं है। यह खबर सामने आने के बाद भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- अच्छा तो ये फीजियोथैरेपिस्ट नहीं था। सत्येंद्र जैन को मसाज देने वाला रेपिस्ट था। शॉकिंग। केजरीवाल को जरूर इस पर जवाब देना चाहिए कि उन्होंने सत्येंद्र जैन का बचाव क्यों किया और फीजियोथैरेपिस्ट की बेइज्जती क्यों की। तीन दिन पहले शहजाद पूनावाला ने ही कुछ वीडियो शेयर किए थे, जिनमें सत्येंद्र जैन जेल में मसाज करवाते दिखाई दे रहे थे।