
कोलकाता : रविवार को दिल्ली के अधिकांश इलाके लू की चपेट में रहे और बढ़े तापमान ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मौसम विभाग के दो स्टेशनों मुंगेशपुर और नजफगढ़ में तापमान 49.2 और 49.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पिछले नौ सालों में ये महीने का सबसे गर्म दिन रहा है। आज भी गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही। तेज हवा के साथ धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान में बीते दिनों के मुकाबले कुछ अंकों की गिरावट दर्ज की जा सकती है लेकिन हीट वेव के कारण दिल्ली की सड़कों पर निकलना चुनौती बना रहेगा।
जानें दूसरे राज्यों का हाल
विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु , केरल और सिक्किम में तेज बारिश का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़, बिहार, कर्नाटक में हल्की बारिश का अनुमान है। राजस्थान में पारा 50 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया तो वहीं राजस्थान के बाहरी इलाकों में अधिकतम तापमान 52 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से हिमाचल प्रदेश में भी बढ़ती गर्मी से राहत मिल सकती है। आंधी और ओलावृष्टि के साथ बारिश से तापमान नियंत्रित होने का अनुमान है।