नई दिल्ली : विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ ही, राहुल गांधी ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। नामांकन कार्यक्रम के दौरान विपक्ष ने एकजुटता दिखाते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। 24 जून को एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के समय सत्ता पक्ष के दिग्गजों का जमावड़ा लगा था।
नामांकन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिका अर्जुन खड़गे, NCP के प्रमुख शरद पवार, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी और नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारुख अब्दुल्ला समेत कई विपक्षी दलों के नेता मौजूद रहे।
18 को वोटिंग, 21 जुलाई को काउंटिंग
राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होगा, जबकि 21 जुलाई को काउंटिंग होगी। समीकरण की बात करें तो विपक्षी दलों के गठबंधन यूपीए के पास संख्या बल कम है। एनडीए के पास कुल मिलाकर 5.26 लाख वोट हैं, जो कुल वोटों का लगभग 49 परसेंट है। केवल एक परसेंट की और जरूरत है। यह वाइएसआर कांग्रेस पार्टी या फिर बीजू जनता दल के समर्थन से पूरा हो सकता है। BSP भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कह चुकी है।