
नई दिल्ली : एफएमसीजी कंपनी नेस्ले इंडिया एक बार फिर से अपने प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा सकती है। कंपनी ने हालिया स्टेटमेंट में इस बात का इशारा किया है। कंपनी का कहना है कि प्रमुख रॉ मटीरियल्स और पैकेजिंग मटीरियल्स की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। पहले ही इनकी कीमतें 10 साल के रिकॉर्ड हाई पर हैं। नेस्ले इंडिया ने अपने कुछ प्रोडक्ट्स के दाम पिछले महीने ही बढ़ाए हैं।
मार्च तिमाही में प्रॉफिट पर हुआ असर
कंपनी ने गुरुवार को मार्च तिमाही का रिजल्ट जारी किया। रॉ मटीरियल्स और पैकेजिंग मटीरियल्स की अधिक कीमतों के चलते मार्च तिमाही में नेस्ले के प्रॉफिट पर भी असर पड़ा। कंपनी ने कहा कि खाने के तेल, कॉफी, गेहूं और तेल जैसे महत्वपूर्ण कमॉडिटीज के दाम का आउटलुक आने वाले समय में तेजी बने रहने का इशारा कर रहा है। कंपनी ने कहा, ‘जैसा पिछली तिमाही में हाईलाईट किया गया था, महत्वपूर्ण रॉ और पैकेजिंग मटीरियल्स की कीमतें 10 साल के हाई पर हैं। इस तिमाही भी दाम चढ़ते रहे और इसका प्रॉफिट पर बुरा असर पड़ा।
कंपनी को महंगाई से हो रहा नुकसान
नेस्ले इंडिया ने बयान में दाम बढ़ाने का साफ इशारा किया। कंपनी ने कहा, ‘इनुपट कॉस्ट ग्लोबली और लोकली दोनों लेवल पर बढ़े रहने वाले हैं। किसानों के लिए दुधारू जानवरों को खिलाने की लागत बढ़ रही है। इससे ताजे दूध की कीमतें भी अधिक रहने की आशंका है। शॉर्ट से मीडियम टर्म के लिए महंगाई अहम फैक्टर बनी रहने वाली है। हालांकि हमें भरोसा है कि हम स्केल स्ट्रेटजी, एफिशिएंसी, मिक्स और प्राइसिंग जैसे उपायों से इस व्यवधान का सामना कर सकते हैं। हम न्यायपूर्ण तरीके से इन उपायों का इस्तेमाल करेंगे।
मार्च में इतना बढ़ा था मैगी का दाम
नेस्ले इंडिया के पास मैगी , किटकैट , सेरेलैक , नेस्कैफे समेत कई लोकप्रिय उत्पाद हैं। कंपनी ने पिछले ही महीने मैगी की कीमतें 9 से 16 फीसदी तक तेज की हैं। 70 ग्राम वाला जो पैकेट पहले 12 रुपये में मिल रहा था, अब उसकी कीमतें बढ़कर 14 रुपये हो गई हैं। मार्च 2022 तिमाही में नेस्ले को 595 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। कंपनी की कुल बिक्री 3,951 करोड़ रुपये रही है।