लखनऊः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत रविवार को अचानक ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। मुलायम सिंह का ऑक्सीजन लेवल कम होने की वजह से आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। उनके इलाज के लिए मेडिकल पैनल बनाया गया है। वह 26 सितंबर से अस्पताल में भर्ती हैं।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव, पत्नी डिंपल और बेटे अर्जुन के साथ मेदांता अस्पताल पहुंच गए हैं। शिवपाल सिंह यादव भी अस्पताल में मौजूद हैं। अपर्णा यादव दिल्ली पहुंच रही हैं। मुलायम सिंह के गृह जिले इटावा के सैफई गांव से उनके करीबी और पूरा परिवार दिल्ली पहुंचा है। डॉक्टरों के मुताबिक, मुलायम सिंह का ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन पहले से कम हो गया था। उनकी सेहत पर मेदांता अस्पताल मैनेजमेंट शाम 7:30 बजे मेडिकल बुलेटिन जारी करेगा। मुलायम 82 साल के हैं। यूपी के अलग-अलग जिलों से सपा नेता मुलायम सिंह यादव का हाल-चाल लेने दिल्ली जा रहे हैं।