
भोपालः कोरोना पर शिवराज सरकार ने सोमवार को बड़ी घोषणा की। प्रदेश के 4 बडे़े शहरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में 2,000 बेड के अस्पताल खोले जाएंगे। इसमें स्वयंसेवी संस्थाओं से मदद ली जाएगी। दूसरी तरफ सरकार ने गरीबों (बीपीएल कार्ड धारी) को 3 महीने तक फ्री राशन देने का भी फैसला किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह निर्णय सोमवार को प्रदेश के कलेक्टरों के साथ बैठक में लिया। प्रदेश में 24 घंटे में कोरोना के 12,897 नए केस आए हैं, जबकि रिकाॅर्ड 79 मौतें हुई हैं। राजधानी भोपाल में रविवार को सबसे ज्यादा 1,703 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 5 संक्रमितों की मौत हो गई। जबलपुर में एक मरीज 4 घंटे तक बेड का इंतजार करता रहा, उसने अस्पताल के बाहर एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया।
पूरे प्रदेश की बात करें तो 24 घंटे में 4 बड़े शहरों में 5,435 नए केस आए। इंदौर में 1,698, जबलपुर में 877 और ग्वालियर में 1,157 नए मरीज मिले। प्रदेश में सबसे ज्यादा 9 मौतें ग्वालियर में हुईं। यहां पॉजिटिविटी रेट भी 43% को पार कर गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से कोविड प्रोटकॉल का पालन करने और 30 अप्रैल तक घरों में ही रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मास्क कफन से छोटा होता है। इसे पहनिए।