नई दिल्ली : देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से तबाही मची हुई है। कई राज्यों में बाढ़ और भारी बारिश के चलते 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।
दिल्ली में बारिश
दिल्ली में सुबह से हो रही तेज बारिश से सरिता विहार इलाके में सड़कों पर पानी भर गया है जिस कारण लंबा जाम देखने को मिल रहा है।
महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
मुंबई में कल रात से भारी बारिश हो रही है। महाराष्ट्र के पालघर, नासिक, पुणे, रायगड, रत्नागिरी, कोल्हापुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। इन जिलों की ज्यादातर नदियां उफान पर हैं। वहीं, ठाणे, सतारा, सिंधुदुर्ग, औरंगाबाद, जालना, चंद्रपुर और गढ़चिरौली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश
दिल्ली-एनसीआर में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई इलाकों में जलजमाव हो गया है जिसके चलते अब जाम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक लगातार दो दिन तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
मध्य प्रदेश: नेशनल हाइवे 145 पर बना पुल पानी में डूबा
मध्य प्रदेश के रायसेन का बारना डैम भारी बारिश के चलते ओवर फ्लो करने लगा है। सोमवार को डैम के 6 गेट खोल दिए गए जिससे आसपास के इलाके पानी में डूब गए। डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से नेशनल हाइवे 145 पर बना पुल पानी में डूब गया है।
महाराष्ट्र में 83 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में 1 जून से लेकर अब तक भारी बारिश के चलते 83 लोगों की मौत हुई हैं। वहीं, 64 लोग घायल हो गए हैं। बारिश के चलते राज्य भर से बाढ़, भूस्खलन, इमारत गिरने, घर गिरने, समुद्र में डूबने, पानी में डूबने, बिजली गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं सामने आयीं। इस भारी बारिश में अब तक 164 जानवरों की भी मौत हुई है।
अहमदाबाद में आज स्कूल बंद
अहमदाबाद में भारी बारिश और बाढ़ जैसे बने हालात के बाद म्युनिसिपल के सभी स्कूल आज बंद किए गए हैं।