
नई दिल्लीः दिल्ली भाजपा के नेता तजिंदर बग्गा को हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। दिल्ली पुलिस बग्गा को अब दिल्ली लेकर जा रही है। बग्गा को पंजाब पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पंजाब साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार सुबह यह कार्रवाई की। उनके खिलाफ मोहाली साइबर थाने में केस दर्ज है। बग्गा को मोहाली ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया। पंजाब पुलिस का कहना है कि उनकी टीम को अवैध तरीके से रोका गया है। इसके खिलाफ पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट में पिटीशन दायर कर दी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इसकी सुनवाई शुरू कर दी है। इसका पता चलते ही हरियाणा सरकार भी हाईकोर्ट पहुंची है। उन्होंने भी इस मामले में जवाब देने के लिए समय मांगा है। पंजाब सरकार इसका विरोध कर रही है। तजिंदर के पिता ने दिल्ली के जनकपुरी थाने में पंजाब पुलिस के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज कराया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की सूचना पर बग्गा को ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने रोक लिया। पंजाब पुलिस गिरफ्तारी के बाद बग्गा को दिल्ली से मोहाली ले जा रही थी। वहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाना था।