
मुंबई: कोरोना वायरस का संक्रमण मुंबई में बेतहाशा तरीके से एक बार फिर बढ़ने लगा है। मुंबई में चार महीने के बाद रेकॉर्ड तोड़ हजार के करीब केस सामने आए हैं। मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 961 मरीज मिले हैं। वहीं महामारी के चलते एक मरीज की मौत भी हुई है। हालांकि इस दौरान 374 मरीज ठीक भी हुए हैं। मुंबई में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 4,880 हो गई है। मुंबई में चार दिन पहले 700 से अधिक मामले सामने आए थे। उसके बाद से ही कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उधर, महाराष्ट्र सरकार ने जिन क्षेत्रों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, वहां के लोगों से मास्क पहनने की अपील की है।
बृहन्मुंबई महानगर पालिका की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि रविवार को मुंबई में मिले 961 मरीजों में 917 मरीज बिना लक्षणों वाले हैं। इनकी संख्या 95 प्रतिशत है। वहीं 44 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से चार मरीज ऑक्सिजन पर हैं। मुंबई में शनिवार को कुल 8778 टेस्ट कराए गए। इसके साथ ही मुंबई में कुल टेस्ट की संख्या 17183951 हो गई।
शनिवार को मिले थे 889 केस
मुंबई में शनिवार को कोरोना के 889 मरीज मिले थे। इसमें 844 यानी 95 प्रतिशत मरीज बिना लक्षण वाले थे। सिर्फ 45 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. सजीव कुमार ने कहा था कि मुंबई के अस्पतालों में सिर्फ 14 मरीज ऑक्सिजन पर हैं। मुंबई में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 24471 बेड तैयार रखे गए हैं। इनमें से सिर्फ 154 बेड यानी कुल बेड के 0.63 प्रतिशत बेड पर मरीजों का इलाज चल रहा है।