अहमदाबाद : अपने वैवाहिक जीवन के विवादों को लेकर सुर्खियों में चल रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरष्ठि कांग्रेस नेता भरतसिंह सोलंकी ने आज कहा कि वह कुछ समय के लिए सक्रिय राजनीति से विराम ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी पर भी गंभीर आरोप लगाए। खास बात है कि लंबे समय से उनके निजी जीवन में विवाद की खबरें सामने आ रही हैं। गुजरात के दिग्गज पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय माधवसिंह सोलंकी के बेटे भरतसिंह सोलंकी (69) को हाल में कथित तौर पर उनकी पत्नी रेशमा सोलंकी ने उनकी प्रेमिका के घर पर जाते समय पकड़ा था। सोलंकी के गृह नगर आनंद की इस कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया में ख़ासा वायरल हुआ था।
सोलंकी ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह अपनी पहली पत्नी से, जो उन्हें केवल बदनाम करने का प्रयास कर रही हैं, उसे तलाक़ मिलने की राह देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की रुचि केवल उनकी धन-संपत्ति में है। जब वह कोरोना के चलते गम्भीर रूप से बीमार थे तो वह यह सोच रही थी की उनकी मौत हो जाए। उन्होंने कहा कि उनका उनकी पत्नी के साथ 15 साल से कोई संबंध नहीं है। हालांकि वैवाहिक विवाद हर जगह होते हैं पर वह अपने घर के मामले में सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहना चाहते थे। अब वह विवश होकर इस पर चर्चा कर रहे हैं। वह 1992 से राजनीति में हैं और केंद्रीय मंत्री से लेकर पार्टी के प्रदेश प्रमुख तक रहे हैं। अब उनके विरोधी निजी बातों को उछाल कर उनका 30 साल का राजनीतिक जीवन समाप्त करने की साजिश कर रहे हैं।