
नयी दिल्ली : दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ छात्रों की झड़प के बाद पांच जनवरी तक विश्वविद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही सेमेस्टर परीक्षाएं भी टाल दी गईं हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। वहीं, शनिवार को जो परीक्षा होनी थी उसकी अगली तिथि का ऐलान बाद में किया जाएगा। बता दें कि छात्राें द्वारा नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन मार्च निकाला गया था जो कि शुक्रवार शाम संसद भवन की ओर बढ़ रहा था। लेकिन पुलिस द्वारा रोके जाने के कारण प्रदर्शनकारियों ने बवाल शुरू कर दिया। इस कारण पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।
पुलिस ने किया आंसू गैस का इस्तेमाल
मालूम हो कि दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को छात्रों और पुलिस के बीच झड़प के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। कई छात्र और पुलिसकर्मी इस दौरान घायल हुए। दरअसल नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र जामिया के परिसर से संसद भवन की ओर बढ़ रहे थे लेकिन उन्हें परिसर में ही पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान छात्र नागरिकता कानून के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। झड़प में पुलिस ने छात्रों पर आंसू गैस का भी प्रयोग किया। पुलिस की ओर से कहा गया कि पहले छात्रों ने पत्थरबाजी की जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमान करना पड़ा।