
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना कोर्ट में गुरुवार दोपहर हुए बम ब्लास्ट में मारे गए व्यक्ति की पहचान गगनदीप सिंह (30) के रूप में हुई है। गगनदीप सिंह पंजाब पुलिस का ही मुलाजिम था, जिसे 2 साल पहले महकमे से बर्खास्त कर दिया गया था। लुधियाना जिले के खन्ना सदर थाने में मुंशी रहते हुए गगनदीप को अगस्त-2019 में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। ड्रग माफिया से लिंक के कारण उसे पंजाब पुलिस से बर्खास्त कर दिया गया। ड्रग केस में गगनदीप सिंह 2 साल जेल में रहा और वह 8 सितंबर 2021 को ही जेल से जमानत पर बाहर आया।
गगनदीप के खालिस्तानी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से लिंक सामने आ रहे हैं। इस ब्लास्ट के पीछे पाकिस्तान में बैठे हरविंदर सिंह रिंदा का नाम आ रहा है, जो बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा है। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा रहा कि गगनदीप कोर्ट परिसर के बाथरूम में बम लेकर पहुंचने के बाद मोबाइल फोन के जरिए उसे एक्टिवेट करने की इन्स्ट्रक्शन ले रहा था। उसी दौरान कोई गड़बड़ी हुई और बम ब्लास्ट हो गया। इसमें गगनदीप सिंह खुद भी मारा गया। एजेंसियां इसकी पड़ताल कर रही हैं।
वर्ष 1978 में बने बब्बर खालसा को पाकिस्तान में बैठा वधावा सिंह बब्बर ऑपरेट करता है, जो 90 के दशक में वहां भाग गया था। इससे पहले अक्टूबर-2007 में लुधियाना के ही शिंगार सिनेमा में हुए बम ब्लास्ट में भी बब्बर खालसा का नाम आया था। उस ब्लास्ट में 7 लोग मारे गए थे और 32 घायल हुए थे।