
नई दिल्ली : देश में लगातार चौथे दिन नए कोरोना केस घटे हैं। सोमवार को 2,55,874 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.67 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 614 लोगों की मौत हुई है। पिछले दिन के मुकाबले नए संक्रमितों में करीब 50,000 की कमी आई है। देश में फिलहाल कुल एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 22.36 लाख है। रविवार को देश में 3,06,064 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। इस दौरान 2.43 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 439 लोगों की मौत हुई थी। वहीं शनिवार को 3,33,533 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को 3.37 लाख संक्रमित मिले थे और गुरुवार को 3.47 लाख लोग संक्रमित मिले थे। इस बीच, सरकार ने कहा है कि कोविड के रोजाना के केस में 15 फरवरी के बाद गिरावट आने लगेगी। न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक कुछ राज्यों और मेट्रो सिटी में 15 फरवरी के बाद केस कम होंगे और संक्रमण में स्थिरता आने लगेगी। वैक्सीनेशन के चलते तीसरी लहर का असर काफी कम हो गया है।