
नई दिल्ली : कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव इसी साल मई में कराया जाएगा। शुक्रवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में इसका ऐलान किया गया। इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस पार्टी संगठन का चुनाव करेगी, जिसमें अध्यक्ष पद का चुनाव सबसे अहम है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अगुवाई में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद वापस सोनिया गांधी ने अध्यक्ष पद पर कमान संभाली थी। कांग्रेस में लंबे वक्त से कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल की फिर अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो सकती है। हालांकि, कई बार गांधी परिवार से अलग अध्यक्ष बनाने की आवाज भी पार्टी में उठी है।