उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कई सालों से सत्ता में दूर कांग्रेस भी कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाह रही है। इसी सिलसिले में कल शाम छह बजे पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेस सीईसी (केंद्रीय चुनाव समिति) की बैठक होगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी को किस तरह से हाशिये से निकला जाए इसको लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार मंथन कर रही हैं। बीते एक साल में यूपी में हुई हर बड़ी घटना पर उन्होंने जमीन पर उतरकर योगी सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। लेकिन कांग्रेस को लगातार उसके कार्यकर्ता बड़ा झटका दे रहे हैं। एक तो कांग्रेस में कोई बड़ा चेहरा शामिल नहीं हो रहा है, तो वहीं दूसरी ओर उसके कई कद्दावर नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। इसकी बानगी जितिन प्रसाद व ललितेशपति त्रिपाठी के रूप में देखने को मिली जो कि कई पीढ़ियों से कांग्रेस में थे और काफी कद्दावर माने जाते थे। ऐसे में जब कोई नया बड़ा चेहरा पार्टी से जुड़ नहीं रहा है तो पुराने लोगों को कैसे एकजुट रखा जाए व नए कार्यकर्ताओं को कैसे पार्टी से जोड़ा जाए ये चुनौती कांग्रेस पार्टी के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी है। इसी से पार पाने के लिए भी मंथन किया जा सकता है।