
दिल्ली मुख्यमंत्री बोले – दिल्ली जैसी सुविधा यहां क्यों नहीं?
नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होंगे। देश की बड़ी पार्टियां यूपी की सियासत का रुख करती नजर आ रही हैं। ऐसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक ने यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने मंगलवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने दावा किया कि जनआंदोलन के जरिये 8 साल पहले उन्होंने पार्टी बनाई थी और आप दिल्ली में 3 बार सरकार बनाने में सफल रही। इसके अलावा, उनकी पार्टी ने पंजाब में मुख्य विपक्षी दल की भूमिका भी निभाई।
केजरीवाल ने यूपी सरकार के विकास पर सवाल उठाया
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई दलों की सरकार आई पर सबने अपना घर भरने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि यूपी से कई लोग आए जिन्होंने आप को प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की अपील की। उन्होंने सवाल उठाया कि यूपी के लोगों को हर काम के लिए दिल्ली क्यों आना पड़ता है? कानपुर के बच्चों को अच्छे कॉलेज के लिए दिल्ली क्यों आना पड़ता है? भारत का सबसे बड़ा राज्य सबसे बड़ा विकसित प्रदेश क्यों नहीं बन सका?
महिला सुरक्षा के मुद्दे को भी छेड़ा
केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के साथ दुष्कर्म आखिर क्यों नही रुक रहे हैं? केजरीवाल ने कहा कि यूपी में सबकी सरकार बन चुकी है। ऐसे में अब वहां के लोग आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताएंगे। उन्होंने कहा कि यूपी में मोहल्ला क्लिनिक क्यों नहीं बन सकती? अच्छे कॉलेज क्यों नहीं बन सकते हैं।
केजरीवाल को हासिल हुई तीसरी कामयाबी
बता दें कि आप दिल्ली के अलावा पंजाब, गोवा और हरियाणा में भी कुछ सीटों पर चुनाव लड़ चुकी है। जहां दिल्ली में आप की सरकार है। वहीं, पंजाब में भी पार्टी को अच्छी सफलता मिली है। अपने बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और फ्री बिजली-पानी के फॉर्मूले की बदौलत 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ ने 70 में 62 सीटें जीतकर दिल्ली में तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की थी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ डेढ़ साल का ही वक्त बचा है। ऐसे में हर पार्टी भारत के सबसे बड़े राज्य में अपनी पैठ बनाने की तैयारियों में जुटा है। आप ने हाल ही में गोवा के जिला पंचायत चुनावों में अपना खाता खोला है। यूपी में संजय सिंह की अगुवाई में आप लगातार कई मौकों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराती आई है।