
देहरादूनः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को त्रिशक्ति सम्मेलन के माध्यम से उत्तराखंड के देहरादून में प्रदेश के लिए लोकसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। उन्होंने अपने भाषण के दौरान कहा कि वह अयोध्या में भव्य राम मंदिर का जल्द से जल्द निर्माण करने को प्रतिबद्ध हैं।
शाह ने कार्यक्रम में गठबंधन को लेकर कहा कि देश में कांग्रेस 55 साल तक सत्तासीन रही और इसमें चार पीढ़ियों को वाली कांग्रेस ने जो विकास कार्य किए उससे जनता भलिभांति जानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लगातार कई वर्षो से हो रहे भ्रष्टाचार में से एक लाख करोड़ रुपए बचाये। सरकार ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना लागू कर हर साल होने वाले रुपयों की बर्बादी से देश के बुजुर्गों, विधवाओं, किसानों को पेंशन और गैस सब्सिडी सीधे देकर फर्जी तथा घोटाले करने वालों को बेनकाब कर दिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दो दलों का या चार दलों का गठबंधन हो, वह वहां 74 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी दलों का नारा मोदी हटाओ है जबकि मोदी जी का नारा बेरोजगारी, महंगाई, किसानों का उत्पीड़न और गरीबी हटाना है। उत्तराखंड में भी भाजपा सभी पांचों सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना चाहिए। सभी कार्यकर्ता भाजपा के मालिक हैं क्योंकि वर्ष 1982 में गुजरात में शाह भी बूथ अध्यक्ष हुआ करते थे और आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है, जहां छोटे से छोटा कार्यकर्ता को पूरा सम्मान मिलता है।
पहले देश में परिवारवाद के कारण एक ही परिवार से प्रधानमंत्री बनता था जबकि आज एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री है। कांग्रेस ने कभी भी ‘वन रैंक और वन पेंशन’ (ओआरओपी) सेना के जवानों को नहीं दी। इस ओआरओपी का मतलब कांग्रेस के लिए सिर्फ ‘राहुल और प्रियंका’ हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पांच लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले कर्मचारियों को कर मुक्त कर दिया। पहले जब कोई व्यक्ति गम्भीर रोग से ग्रस्त होता था, तब वह सिर्फ इसलिये अपना बेहतर इलाज नहीं करवा पाता था कि वह कर्ज में डूब जाएगा। देश में पहली बार मोदी ने अटल आयुष्मान योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की व्यवस्था की है। पिछले तीन माह में इस योजना से 10 लाख लोगों लाभान्वित हुए हैं, जो अपने आप में महत्वपूर्ण है।