
रांचीः मिशन 2019 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने उम्रदराज सांसदों से किनारा कर सकती है। इसके अलावा कामकाज के आधार पर भी सांसदों का आकलन किया जा रहा है। स्पष्ट है कि अगले चुनाव में पार्टी के वर्तमान सांसदों को कमल का सिंबल यूं ही नहीं मिल जाएगा। मिशन 2019 को लेकर भाजपा ने झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसी कड़ी में पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ ओपेनियन मेकर कहे जाने वाले बुद्धिजीवी वर्ग से जनप्रतिनिधियों के बाबत फीडबैक लिया जा रहा है।
रविवार को रांची पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव का दौरा लोकसभा चुनाव की तैयारियों से ही जुड़ा है। राम माधव चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से पार्टी पदाधिकारियों के पेंच कसने के साथ-साथ उनसे जनप्रतिनिधियों के क्रियाकलापों का फीडबैक भी लेंगे। प्रदेश पदाधिकारियों, कोर कमेटी, विभाग व प्रकल्पों से साथ माधव की अलग-अलग बैठक होनी हैं। चुनाव के बाबत राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा सौंपे गए टास्क पर कितना अमल हुआ इसकी रिपोर्ट माधव तलब करेंगे।