
हैदराबादः हैदराबाद निकाय चुनाव के लिए आज चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गृहमंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार करेंगे। इस मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। भाजपा ने अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद आज खुद अमित शाह चुनाव प्रचार करने उतरेंगे। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम देश के सबसे बड़े नगर निगमों में से एक है। यह नगर निगम 4 जिलों में है, जिनमें हैदराबाद, रंगारेड्डी, मेडचल-मलकजगिरी और संगारेड्डी आते हैं। इस पूरे इलाके में 24 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं और तेलंगाना के 5 लोकससभा सीटें आती हैं।
1 दिसंबर को डाले जाएंगे वोट
यही वजह है कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव में केसीआर से लेकर भाजपा, कांग्रेस और असदुद्दीन ओवैसी तक ने ताकत झोंक दी है। 1 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे, वोटों की गिनती 4 दिसंबर को होगी। शाह के दौरे से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने उन पर निशाना साधा है। उन्होंने एक रैली में भाजपा को विभाजनकारी ताकत बताया। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भी आलोचना की।