त्रिशूर (केरल) : त्रिशूर के इलेक्ट्रीशियन बिनिल टी.बी. सात महीने पहले रूस चले गए थे, उन्हें उम्मीद थी कि उन्हें बेहतर नौकरी और ज्यादा वेतन मिलेगा। उस समय उनकी पत्नी अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही थी। अब बिनिल रूस-यूक्रेन के युद्धक्षेत्र में फंस गए हैं और पत्नी उन्हें स्वदेश लाए जाने की गुहार लगा रही है। बिनिल के रिश्तेदारों ने बताया कि यूक्रेन के युद्धग्रस्त क्षेत्र, जो अब रूस के नियंत्रण में है, में कहीं फंसे बिनिल और उनके रिश्तेदार जैन टी.के. के मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान खो गया है जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गयी हैं। उन्होंने बताया कि वे दोनों स्वेदश वापसी के लिए अधिकारियों से मदद मांग रहे हैं।
त्रिशूर जिले के वडक्कनचेरी के पास कुरनचेरी की निवासी और बिनिल की पत्नी जोइसी जॉन उन्हें घर वापस लाने के प्रयास में अधिकारियों से गुहार लगा रही हैं।
चार महीने के बच्चे की मां जोइसी सोमवार को बिनिल का आखिरी ऑडियो संदेश प्राप्त करने के बाद चिंतित हैं। संदेश में, बिनिल ने खुलासा किया कि रूसी अधिकारियों ने उन्हें और उनके रिश्तेदार जैन टी.के को युद्ध के मोर्चे पर जाने का आदेश दिया था। बिनिल के इस समय हवाई हमलों वाले क्षेत्र में होने की खबरों के साथ परिवार की चिंताएं और भी बढ़ गयी हैं। जोइसी ने अपने पति और रिश्तेदार की युद्ध क्षेत्र से जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए केरल सरकार, केंद्रीय मंत्री एवं त्रिशूर के सांसद सुरेश गोपी, राज्य के अन्य सभी सांसदों और मॉस्को में भारतीय दूतावास से संपर्क किया है। जोइसी ने कहा, ‘दूतावास के अधिकारियों ने कहा है कि वे रूसी अधिकारियों के संदेश का इंतजार कर रहे हैं।’ बिनिल (32) और जैन (27) आईटीआई मैकेनिकल डिप्लोमा धारक हैं और 4 अप्रैल को वह रूस में इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर के रूप में काम करने की आस में गए थे।