मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ में सोमवार सुबह एक दो मंजिला इमारत में हुए सिलिंडर विस्फोट से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए हैं। यहां मोहम्दाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वालिदपुर मुहल्ले में रहने वाले छोटू विश्वकर्मा के घर पर खाना पकाते समय गैस सिलिंडर में विस्फोट हो गया। छोटू विश्वकर्मा के पड़ोसियों कन्हैया विश्वकर्मा और कटवारी धोबी के मकान अगल बगल थे। विस्फोट में तीनों के मकान धराशायी हो गये। बचाव अभियान के दौरान घायलों को निकाल गया।
विस्फोट की आवाज से इलाके में मची अफरातफरी
बताया जा रहा कि विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी जिसे सुनकर इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग अपने-अपने घरों से बाहर के तरफ दौड़े और वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। लोगों ने तत्काल इस घटना के बारे में सूचित किया, तथा घायलों को स्थानीय अस्पताल के भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि इमारत में अब भी कुछ लोग दबे हो सकते हैं। मौके पर पुलिस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत बचाव कार्य में जुटी है।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ जिले में सिलिंडर फटने से लोगों की जान जाने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था करने तथा पीड़ितों को हरसंभव मदद एवं राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।
मृतकों में चार बच्चे भी शामिल
पोस्टमॉर्टम हाउस पर अब तक कुल 12 शव पहुंच चुके हैं जिनमें पांच महिलाएं और सात पुरुष हैं। मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल हैं जिनकी उम्र 10 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। वहीं, मऊ के जिला अधिकारी ग्यान प्रकाश त्रिपाठी के ने बताया कि खाना पकाते समय हुए इस विस्फोट में करीब 15 लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है।