
सम्भल : उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले में नागरिकता (संशोधन) कानून के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए हिंसक बवाल में शामिल उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। इस कार्रवाई में पुलिस ने अब तक 48 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक जमुना प्रसाद ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 दिसम्बर को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध प्रदर्शन के दौरान जिले में हिंसा एवं आगजनी आदि के सिलिसले में कुल 12 मुकदमें दर्ज किए गये हैं। पुलिस ने 150 उप्रदवियों के फोटो जारी किए हैं। अभी तक 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 18 तमंचे और 109 कारतूस भी बरामद किए गये हैं। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट ड़ालने के आरोप में 3 के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सपा सांसद और विधायक ने लोगों को जमा किया
बता दें कि नागरिकता कानून के विरोध में सम्भल के सपा सांसद डाॅ. शफीकुर्रहमान वर्क ने 19 दिसम्वर को सम्भल नगरपालिका मैदान में सभा का आयोजन करने का ऐलान किया था। इस सभा पर प्रशासन ने पाबंदी लगा दी थी। इसके बाबजूद नगरपालिका मैदान में भारी तादात में लोग जमा हुए थे। वहीं सम्भल के सपा विधायक नवाव इकबाल के पुत्र सुहेल इकबाल ने सम्भल-मुरादाबाद मार्ग पर अपने समर्थकों को इकट्ठा किया था। दोनों जगहों पर ज्ञापन देने के बाद वापस जाते समय प्रदर्शनकारियों में शामिल उपद्रवियों ने चौधरी सराय परिवहन निगम की बसों में तोड़फोड़ व आगजनी की और पुलिस पर पथराव किया। निजी वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई थी। प्रशासन ने सपा सांसद डाॅ. शफीकुर्रहमान वर्क, सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष फिरोज खान एवं सपा के विधायक के पुत्र सुहेल इकबाल के विरूद्ध मुकद्दमा दर्ज किया था।
सीसीटीवी फुटेज से बवालियों को चिंहित कर कार्रवाई शुरू
सम्भल में बवाल के दौरान जमकर तोड़फोड़, आगजनी व पत्थरबाजी हुई थी। इस दौरान बवाल में 2 युवकों की मृत्यु भी हो गई थी। सम्भल के अलावा चन्दौसी में भी बवाल हुआ जिस दौरान तोड़फोड़, पत्थरवाजी और आगजनी हुई पुलिस ने वीडियोग्राफी भी की थी। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी फुटेज से बवालियों को चिंहित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उपद्रवियों को चिंहित करने के लिए जनता से भी सहयोग करने को कहा है। जिले में अब शांति है और संवेदनशील इलाकों में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।