
कटिहार : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जिस दिन देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू हो गया वह उसी दिन सन्यास ले लेंगे। गिरिराज ने बातचीत के दौरान कहा कि जिस दिन हमारी अंतिम इच्छा पूरी हो जाएगी उसी दिन राजनीति से अलग हो जाउंगा। उन्होंने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून जिस लागू होगा उसी दिन वह सन्यास ले लेंगे।
हमें कोई मुख्यमंत्री नहीं बनना
गिरिराज ने कहा कि हमें कोई मुख्यमंत्री नहीं बनना है। मेरे जैसा व्यक्ति मुख्यमंत्री पद के काबिल भी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही बिहार में चेहरा होंगे। गिरिराज ने कहा कि हम तो राजनीति में अयोध्या में राम मंदिर और कश्मीर से धारा 370 खत्म करने को लेकर आए थे। यह इच्छा भी पूरी हो गई है। जिस दिन जनसंख्या नियंत्रण कानून अपने देश में लागू हो जाएगा, उसी दिन हमारी ये इच्छा भी पूरी हो जाएगी। फिर राजनीति में रहने से क्या फायदा।
एनआरसी पूरे देश में लागू होनी चाहिए
इस दौरान गिरिराज फिर दोहराया कि एनआरसी न केवल असम में बल्कि बिहार और पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश में लागू होना चाहिए। बता दें कि, इससे पहले गिरिराज सिंह ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद उनका आधा राजनीतिक मकसद पूरा हो गया है। अब बस अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण उनके जीवन का एक सपना है। इस सपने के पूरा हो जाने के बाद वह राजनीति को प्रणाम कह देंगे। अब अयोध्या में राम मंदिर बनने का रास्ता साफ हो गया है तो अब गिरिराज सिंह ने नया ऐलान किया है।