
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को सांस लेने में शिकायत के बाद शुक्रवार की रात को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बता दें कि बुद्धदेव (75) कुछ समय से क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पुलमोनरी डिसीज (सीओपीडी) पीड़ित हैं। उन्हें सीओपीडी बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार दोपहर तक उनका रक्तचाप भी काफी कम था।
बुद्धदेव की हालत में काफी सुधार : अस्पताल अधिकारी
एक निजी अस्पताल की एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘श्री बुद्धदेव की हालत में काफी सुधार आया है। उनकी हालत अब स्थिर है। अब पैरामीटर बेहतर हैं।’’ उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि बुद्धदेव के कई टेस्ट किए गए। उनकी बेटी पूरी रात अस्पताल में रहीं। अधिकारी ने आगे बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों का आठ सदस्यीय दल उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई नेता अस्पताल पहुंचे
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री से अस्पताल में मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा राज्यपाल जगदीप धनखड़, वरिष्ठ माकपा नेता सुर्य कांत मिश्रा और राबिन देब तथा कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य भी बुद्धदेव का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे। मालूम हो कि बुद्धदेव भट्टाचार्य साल 2000 से 2011 तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री रहे। वह अपने बिगड़ते स्वास्थ्य की वजह से माकपा के पोलितब्यूरो, केंद्रीय समिति और राज्य सचिवालय से 2018 में हट गए। बुद्धदेव अंतिम बार सार्वजिक रूप से तीन फरवरी को एक महारैली में ब्रिगेड परेड मैदान में यहां दिखाई दिए थे।