
मुंबई : एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की पत्नी और रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी को न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के बोर्ड में शामिल किया गया है। इसी के साथ वह इस म्यूजियम की पहली भारतीय माननीय ट्रस्टी बन गई हैं। म्यूजियम के अध्यक्ष डेनियल ब्रॉडस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी और कहा, “अंबानी के समर्थन ने संग्रहालय के कला के अध्ययन और दुनिया के हर कोने से प्रदर्शन करने की क्षमता पर बहुत प्रभाव डाला है।” बता दें कि नीता अंबानी कई वर्षों से इस म्यूजियम की प्रदर्शनियों का समर्थन कर रहीं हैं। यह अमेरिका का सबसे बड़ा आर्ट म्यूजियम है।
भारतीय कला-संस्कृति के प्रचार में जुटी हैं नीता
नीता अंबानी ने कहा था कि मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम के जरिए भारतीय कला को एक प्रतिष्ठित संस्थान में प्रदर्शन करने का मौका मिला है। साथ ही उन्होंने बताया था कि वह कला के क्षेत्र में काम जारी रखने के लिए प्रोत्साहित हुई हैं। नीता रिलायंस फाउंडेशन द्वारा भारतीय कला एवं संस्कृति को पूरी दुनिया में प्रचार करने में जुटी हैं।
इतने साल पुराना है म्यूजियम
149 साल पुराने मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम में दुनिया भर से 5,000 वर्ष तक के फैले कला को देखने के लिए प्रत्येक वर्ष अरबपतियों, मशहूर हस्तियों और लाखों दर्शकों को आकर्षित किया जाता है। म्यूजियम के चेयरमैन डेनियल ब्रॉडस्की ने मंगलवार को कहा कि नीता अंबानी की मदद से म्यूजियम की कला के अध्ययन और प्रदर्शन की क्षमताओं में काफी बढोतरी हुई है।