
मुंबईः दूरदर्शन पर प्रसारित सीरियल से लेकर आज के दौर की फिल्मों में काम कर चुके दिग्गज अभिनेता अरुण बाली की तबीयत ठीक नहीं है। 79 साल के अरुण बाली इस वक्त अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें मायस्थेनिया ग्रेविस नाम की दुर्लभ बीमारी है। इस वजह से उन्हें बोलने में परेशानी हो रही है। उनका इलाज मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में चल रहा है। उनके प्रशंसक उनके जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं। हालांकि अभी तक अस्पताल के डॉक्टरों की ओर से उनकी तबीयत को लेकर कोई अपडेट नहीं आई है।
सिंटा की सदस्य ने दी जानकारी सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन की सदस्य नुपूर अलंकार ने अरुण बाली से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। नुपूर अलंकार ने कहा, ‘मैंने अरुण बाली सर से फोन पर बात की थी। मैंने उनकी आवाज में कुछ अजीब सा महसूस किया और उन्हें इसकी ओर इशारा किया। उसके बाद मैंने उनके बेटे अंकुश से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई। फिर मैंने राजीव मेनन से बात की जो अंकुश के सहयोगी हैं, उनसे उनका दूसरा नंबर लिया और मैंने उन्हें तुरंत अरुण सर को अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी।‘