नई दिल्ली : बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा विवादों में हैं। राज को अश्लील फिल्म बनाने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में नए खुलासे सामने आ रहे हैं। खबरें हैं कि राज कुंद्रा एक व्हाट्सग्रुप ग्रुप में शामिल थे, जिसमें अश्लील फिल्मों के कारोबार के बारे में बातचीत होती थी। H अकाउंट के नाम से ये व्हाट्सग्रुप ग्रुप बनाया गया है। इसमें अश्लील फिल्मों के कारोबार के बारे में चर्चा होती थी। इसमें कुल 5 लोग थे। राज इसमें मार्केटिंग, सेल्स से लेकर मॉडल्स के पेमेंट और रेवेन्यू कैसे बढ़ाया जाए इन सब चीजों को लेकर बातें करते थे। पोर्नोग्राफी के इस मामले में अब तक राज सहित 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 4 लोगों को राज से पहले ही अरेस्ट किया जा चुका था। रेयान नाम के शख्स को राज की गिरफ्तारी के बाद अरेस्ट किया गया। क्राइम ब्रांच ने फरवरी 2021 में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का एक केस दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद से ही पुलिस ने कई अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की थी। पुलिस के मुताबिक, मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में काम की तलाश में आने वाली जरूरतमंद लड़कियों को बड़ी फिल्मों में रोल दिलाने के नाम पर फंसाया जाता था। हर हफ्ते फिल्म रिलीज की जाती थी। ऐसा पहली बार नहीं है जब राज कुंद्रा का नाम किसी विवाद में आया है। IPL फिक्सिंग से लेकर अंडरवर्ल्ड से डील तक कई विवादों में राज का नाम आ चुका है।