नई दिल्ली : बॉलीवुड से अपने अभिनय की शुरुआत करने वाली प्रियंका चोपड़ा आज हॉलीवुड में भी अपना परचम लहरा रही हैं। अपने हुनर से ग्लोबल आइकन बन चुकी प्रियंका के भारत समेत दुनियाभर में फैंस की भारी तादात ने उन्हें सबसे लोकप्रिय भारतीय अभिनेत्री बना दिया है। हाल में जारी एक सर्वे की रिपोर्ट में ये तथ्य सामने आया है कि वर्तमान में प्रियंका दुनिया भर में सबसे ज्यादा सर्च की गई भारतीय सेलेब्रिटी हैं।
इन मशहूर हस्तियों को छोड़ा पीछे
श्रेष्ठ पायदान पर पहुंचते हुए प्रियंका ने बॉलीवुड की मशहूर हस्तियाें शाहरुख़ खान और अमिताभ बच्चन तक को पीछे छोड़ दिया है। ताजा सर्वे के अनुसार अक्टूबर 2019 में 2.74 मिलियन बार बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ को ऑनलाइन सर्च किया गया। सर्वे से स्पष्ट है कि पूरी दुनिया में लोगों को प्रभावित करने के मामले में प्रियंका चोपड़ा भारतीय सेलेब्रिटीज में सबसे आगे हैं। इस सूची में प्रियंका के बाद सलमान खान का नाम आता है।
2.74 मिलियन बार ‘देसी गर्ल’ को सर्च किया गया
हाल ही में सेमरूश द्वारा एक सर्वेक्षण किया गया, जिसमें यह जानकारी दी गई कि किस भारतीय अभिनेत्री ने दुनियाभर के लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। इस सर्वे के अनुसार प्रियंका चोपड़ा जोनस इस मामले में सबसे आगे हैं। यह सर्वे अक्टूबर 2018 से अक्टूबर 2019 के बीच के आकड़ों पर आधारित है। साल 2019 में प्रियंका चोपड़ा को 2.74 मिलियन बार ऑनलाइन सर्च किया गया था। इसके साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि हर महीने करीब 4.2 मिलियन लोग प्रियंका चोपड़ा को ऑनलाइन सर्च करते हैं।
सलमान दूसरे और अमिताभ सातवें स्थान पर
प्रियंका चोपड़ा के बाद सबसे लोकप्रिय भारतीय सेलेब्रिटीज की इस सूची में सलमान खान का नाम आता है। जिन्हें इस दौरान 1.89 मिलियन बार ऑनलाइन सर्च किया गया। इस सूची में अभिनेत्रियों की श्रेणी में सनी लियोनी और दीपिका पादुकोण का नाम भी शामिल है। वहीं सलमान के बाद अभिनेताओं की श्रेणी में अमरीश पुरी और शाहरुख खान सबसे ज्यादा सर्च किए गए सेलेब्रिटी बनकर उभरे। इस सूची में सदी के महानायक कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन सातवें स्थान पर रहे।