
मुंबई : साल 2020 के बाद 2021 में भी एंटरटेनमेंट जगत से बुरी खबरों के आने का सिलसिला नहीं थम रहा है। अब कन्नड़ एक्ट्रेस और बिग बॉस कन्नड़ की पूर्व कंटेस्टेंट जयश्री रमैया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 25 जनवरी यानी सोमवार दोपहर को एक्ट्रेस को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। वे बेंगलुरु स्थित वृद्धआश्रम में रह रही थीं। माना जा रहा है कि एक्ट्रेस ने आत्महत्या की है।
डिप्रेशन में थी एक्ट्रेस…
जानकारी के मुताबिक, एक्ट्रेस काफी समय से डिप्रेशन का शिकार थीं और बेंगलुरु में उनका इलाज भी चल रहा था। जयश्री रमैया बिग बॉस सीजन 3 की कंटेस्टेंट थीं। साल 2020 से ही वे काफी परेशानियों का सामना कर रही थीं। साल 2020 में सोशल मीडिया पर उन्होंने इसका संकेत भी दिया था कि वे मानसिक रूप से ठीक महसूस नहीं कर रही हैं।
सोशल मीडिया पर बयां किया था दर्द…
बता दें कि पिछले साल जयश्री रमैया ने फेसबुक पोस्ट के जरिए डिप्रेशन की जानकारी दी थी। उन्होंने साल 2020 में सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की थी जिसमें उन्होंने कहा था कि वे डिप्रेशन और इस संसार को क्विट कर रही हैं। इसके बाद से उनके फैन्स और शुभ चिंतक काफी चिंतित हो गए थे। बाद में उन्होंने लोगों की तसल्ली के लिए लिखा था कि मैं एकदम ठीक हूं और महफूज हूं। सभी को मेरा प्यार। इसके बाद उनके फैन्स को थोड़ी राहत मिली थीं। लेकिन सोमवार को अचानक सामने आई इस खबर ने सबको चौंका दिया है। ये खबर सुनने के बाद कन्नड़ इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सभी इस खबर से बेहद दुखी और अफसोस में नजर आ रहे हैं।