
बीजिंग : मशहूर अभिनेता और मार्शल आर्ट में माहिर जैकी चैन की वियतनाम यात्रा को रद्द कर दिया गया है। यात्रा को रद्द करने के पीछे दक्षिण चीन सागर विवाद को वजह बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, विवादित दक्षिण चीन सागर पर बीजिंग ने दावा किया जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। इस बहस के चलते चैरिटी के लिए प्रस्तावित जैैकी चैन की वियतनाम यात्रा को रद्द कर दिया गया।
गुस्साए लोगों ने फेसबुक पर निकाली भड़ास
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हांगकांग में जन्में जैकी चैन ने 10 नवंबर को हनोई जाना तय किया था। उन्होंने ‘ऑपरेशन स्माइल’ को समर्थन देने के लिए वहां जाने का फैसला लिया था। ‘आपरेशन स्माइल’ एक चैरिटी है जो कि बच्चों के चेहरे में आई खराबी की निःशुल्क सर्जरी करती है। पिछले हफ्ते जब चैरिटी ने जैकी के आने की घोषणा की तो कई लोग इस बात से क्रोधित हो उठे। इन गुस्साए फेसबुक उपयोगकर्ताओं ने उनके आधिकारिक पेज पर गुस्सा निकालना शुरू कर दिया।
चीन के दावे का समर्थन करते हैं जैकी
इन लोगों का मानना है कि चैन भी उन समर्थकों में शामिल हैं जो विवादित दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावे का समर्थन करते हैं। फेसबुक पर अपने कमेंट्स के दौरान चैन ने कई बार इस मुद्दे पर चीन का समर्थन किया है। बता दें कि वियतनाम, मलेशिया, फिलिपींस, ताइवान और ब्रुनेई लंबे समय से दक्षिण चीन सागर को लेकर अपने-अपने दावे करते रहे हैं, जोकि इस क्षेत्र में चीन की परेशानियों का कारण बने हुए हैं।
कुदरती इलाकों खजानों से भरपूर है दक्षिणी चीन सागर
गौरतलब है कि सात देशों से घिरे दक्षिणी चीन सागर पर इंडोनेशिया को छोड़कर बाकी सभी 6 देश अपना हक जताते रहे हैं। लेकिन चीन दावे के साथ यह कहता आया है कि यह इलाका उसका है। बता दें कि दक्षिणी चीन सागर में स्थित द्वीपों की खोज चीन के समुद्री मुसाफिरों नागरिकों और मछुआरों ने ही की थी।
इंडोनेशिया और वियतनाम के मध्य में पड़ने वाला समुद्र का यह हिस्सा, करीब 35 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। क़ुदरती खजाने से भरपूर इस समुद्री इलाके में जीवों की सैकड़ों प्रजातियां पाई जाती हैं।