मुंबई : भारत में महिलाओं के प्रति अपराध दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। कम उम्र की नाबालिग बच्चियां भी विभिन्न तरीकों से इसका शिकार हो रही हैं। लोगों की यह विकृत मानसिकता लंबे समय से चली आ रही है। कहीं न कहीं देश की लगभग ज्यादातर महिलाएं इसकी शिकार होती रही हैं।
सुपरस्टार आमिर खान की फिल्म दंगल में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाली फातिमा सना शेख ने भी इससे जुड़ा बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि 3 साल की उम्र में उनका शोषण किया गया था। फातिमा ने कहा ये ऐसी जंग है, जो हम लोग रोज लड़ते हैं। हर औरत को ये लड़ाई लड़नी पड़ती है। इसके बावजूद मुझे लगता है कि हमारा भविष्य बेहतर है।
फातिमा ने इंडस्ट्री में शोषण के बारे में बताते हुए कहा कि, मैंने ऐसे लोगों का सामना किया जो मुझे बताते थे कि काम केवल सेक्स के सहारे ही मिल सकता है। यह मेरे साथ भी हुआ है। मुझे जो जॉब मिलनी चाहिए थी, वो किसी और को दे दी गई। इसकी वजह मुझे नहीं पता। पर मुझे इतना पता है कि यह सभी लोग झेल रहे हैं। सेक्सिज्म हर इंडस्ट्री में है और यह सच है।
लोग कहते थे एक्ट्रेस नहीं बन सकती
फातिमा ने एक इंटरव्यू में कहा- मुझे कई बार कहा गया कि तुम कभी हीरोइन नहीं बन सकती। तुम दीपिका-ऐश्वर्या जैसी नहीं दिखती। तो कैसे हीरोइन बनोगी। इंडस्ट्री में ऐसे लोग हैं, जो हौसला तोड़ते हैं। लेकिन, जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं तो मुझे लगता है कि ये ठीक था। सुंदरता के यहीं पैमाने तय किए गए थे और मैं निश्चित रूप से उस ब्रैकेट में नहीं आती।
मेरा ब्रैकेट अलग है और अब मेरे पास मौके हैं। मेरे जैस लोगों के लिए फिल्म बनाई जाती है, जो सुपर मॉडल्स जैसे नहीं दिखते हैं। ऐसे लोगों के लिए फिल्में बनती हैं, जो एवरेज हैं और नॉर्मल दिखते हैं।