
मुंबई : ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज से सुर्खियां बंटोरने वाले अभिनेता पंकज त्रिपाठी कुछ दिनों पहले एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इसके बाद भी वे इंग्लैंड में फिल्म ’83’ की शूटिंग पूरी करने में जुटे हुए हैं। यह फिल्म साल 1983 में भारत के पहली बार किक्रेट विश्वकप जीतने के ऊपर बनाई जा रही है। फिल्म में अभिनेता रणवीर सिंह पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव का किरदार निभाते नजर आयेंगे। वहीं अभिनेता पंकज त्रिपाठी का भी इस फिल्म में अहम रोल है। फिल्म ’83’ में पंकज टीम मैनेजर पीआर मान सिंह की भूमिका में दिखेंगे।
स्पेशल ट्रेनिंग कैंप में हुआ हादसा
क्रिकेट का प्रशिक्षण देने के लिए लंदन रवाना होने से पहले टीम के लिए एक स्पेशल ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया गया था। इस कैंप में मोटरसाइकिल चलाते वक्त पंकज हादसे का शिकार हो गए थे। दुर्घटना में उनकी पसलियों में चोट आ गई। उस वक्त तो उन्होंने इसे मामूली चोट समझकर ध्यान नहीं दिया, लेकिन बाद में तेज दर्द के बाद डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इतना होने के बावजूद पंकज अपने शेड्यूल के हिसाब से ही शूटिंग कर रहे हैं।
इन सितारों से सजी है फिल्म ’83’
इस फिल्म में जहां कपिल देव की भूमिका रणवीर सिंह निभा रहे हैं वहीं मोहिंदर अमरनाथ की भूमिका साकिब सलीम कर रहे हैं। सुनील गावस्कर के रोल ताहिर भसीन को मिला है और यशपाल शर्मा का किरदार जतिन सरना निभा रहे हैं। इसके अलवा फिल्म में दीपिका पादुकोण का भी छोटा सा रोल है। वह रणवीर यानि कपिलदेव की पत्नी की भूमिका में नजर आएंगीं।
बता दें कि इस फिल्म का निर्देशन कबीर खान कर रहे हैं। इस फिल्म को रणवीर के करियर की यह सबसे खास फिल्मों में से एक माना जा रहा है।