
मुंबई: फिल्म, टीवी, थियेटर एक्टर, वॉयस ओवर आर्टिस्ट और लेखक आशीष रॉय का लंबी बिमारी के चलते आज निधन हो गया। वे पिछले एक हफ्ते से मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती थे। आर्थिक तंगी से जूझ रहे आशीष ने इंडस्ट्री के लोगों से मदद की गुहार लगाई थी। आर्थिक मदद मिलने के बाद आशीष रॉय इलाज कराकर अपने घर 22 नवंबर को लौटे थे। आशीष रॉय ने ‘ससुराल सिमर का’ में अहम रोल निभाया था।
घर पर हुआ निधन
आशीष रॉय के राइवर राजू ने बताया कि पिछले 8 महीनों से आशीष रॉय का डायलिसिस चल रहा था। हफ्ते में 3 दिन वो डायलिसिस के लिए अस्पताल ले जाया करते थे। शनिवार को भी आशीष डायलिसिस के लिए गए थे, लेकिन कल शाम से उनकी तबीयत नासाज थी और मंगलवार सुबह 3:45 बजे के करीब उनका निधन हो गया। वे मुंबई के अंधेरी-जोगेश्वरी इलाके में रहते थे। उनके साथ उनका एक नौकर मौजूद था। उसी ने आशीष की बहन जो कि कोलकाता में रहती है, उन्हें निधन की जानकारी दी।
बीमारी ने आर्थिक कमजोर बनाया
बीमारी की वजह से आशीष रॉय की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। इसलिए उन्होंने लोगों से इलाज कराने के लिए 4 लाख रुपये की मदद मांगी थी। 54 वर्षीय आशीष रॉय की मदद के लिए इंडस्ट्री की कई हस्तियां आगे आईं। बताया जा रहा है कि आशीष की मदद करने वालों में अनुराग कश्यप, निर्देशक हंसल मेहता, डायरेक्टर बीजॉय नाम्बियार, निर्माता बीपी सिंह, अभिनेत्री दिव्य ज्योति शर्मा, मॉडल व एक्टर सुशील पराशर जैसे लोग शामिल थे।