रांची : भारत-दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और आखिरी टेस्ट में रोहित शर्मा ने धुंआधार बल्लेबाजी करते अपने हुए टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक जमाया। उन्होंने छक्का जड़कर दोहरा शतक लगाया। रोहित इस सीरीज में दो शतक जड़ चुके हैं और आज अपने तीसरे शतक को दोहरे में तब्दील किया। रोहित ने इस मैच में अपने टेस्ट करियर के दो हजार रन भी पूरे कर लिए हैं और साथ ही टेस्ट मैच की एक सीरीज में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। रोहित ने अपनी दोहरे शतक में 28 चौके और पांच छक्के लगाए।
212 रन बनाकर हुए आउट
साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज रोहित ने 249 गेंदों में 28 चौके और 4 छक्के लगाकर टेस्ट इतिहास का अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया। इस दौरान हिटमैन रोहित का स्ट्राइक रेट 82.33 का रहा। हालांकि, रोहित 212 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। कगिसो रबाडा की गेंद को बाउंड्री पार पहुंचाने चक्कर में वे बाउंड्री पर आउट हो गए।
दोहरा शतक पूरा किया छक्का लगाकर
रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में अपना शतक छक्के के साथ पूरा किया था। इसके बाद जब दोहरा शतक पूरा किया तो उसमें भी उन्होंने 199 रन के बाद छक्का जड़ा और दोहरा शतक बनाया। गौरतलब है कि इससे पहले किसी भारतीय ने अपना दोहरा शतक छक्के के साथ पूरा नहीं किया।
529 रन बनाए
रोहित ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में 100 से ज्यादा के औसत से तीन शतकों के साथ 529 रन पूरे कर लिए हैं। वह भारत के लिए तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वीरेंद्र सहवाग ने रोहित से पहले ये कमाल किया था। सहवाग ने पाकिस्तान के खिलाफ साल 2005 में बतौर सलामी बल्लेबाज 500 से ज्यादा रन बनाए थे, जिसमें एक तिहरा शतक भी शामिल था।
500 रन बनाने वाले पांचवे भारतीय ओपनर
दोहरे शतक के साथ रोहित एक टेस्ट सीरीज में 500 रन बनाने वाले पांचवे भारतीय ओपनर बन गए हैं। हिटमैन से पहले विनोद मांकड़, बुद्धी कुंदेरम, सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग ने एक टेस्ट सीरीज में पांच सौ रन बनाए हैं। गौरतलब है कि गावस्कर ने ये कारनामा पांच बार किया है। रोहित ने इस सीरीज में अब तक 533 रन बनाए हैं।
इस सीरीज में तीन दोहरे शतक
रोहित के दोहरे शतक साथ ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से तीन दोहरे शतक लग चुके है। विशाखापट्टनम टेस्ट में मयंक अग्रवाल ने दोहरा शतक ठोका था। पुणे में विराट कोहली ने और रांची में हिटमैन रोहित ने यह कारानामा किया। 1955-56 के बाद पहली बार भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने एक साल में तीन दोहरे शतक बनाए हैं। 1955-56 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने ये रिकॉर्ड कायम किया था।
200+ का स्कोर करने वाले चौथे बल्लेबाज
रोहित टेस्ट और एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय दोनों मैचाें में 200+ का स्कोर करने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और क्रिस गेल यह कारनामा कर चुके हैं।
डॉन ब्रेडमैन को भी पीछे छोड़ा
रोहित ने घर में टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ औसत के मामले में डॉन ब्रेडमैन को भी पीछे छोड़ दिया है। रोहित का औसत 99.84 है, जबकि ब्रेडमैन का औसत 98.22 का रहा। इसके साथ ही वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो बार 150 से अधिक रन की पारी खेलने वाले पहले भारतीय ओपनर भी बन गए हैं। वहीं इस प्रारूप में वह आठवें खिलाड़ी बन गए। माइकल क्लार्क के बाद ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं। क्लार्क ने 2012-2013 में ऐसा किया था।
भारत की तीसरी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी
रोहित और अजिंक्य रहाणे के इस पारी में 267 रन की साझेदारी हुई, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में भारत की तीसरी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है। हालांकि मयंक अग्रवाल और रोहित के बीच पहले टेस्ट मैच में 317 रन की हुई साझेदारी सर्वश्रेष्ठ है। इसके अलावा 2008 में राहुल द्रविड और वीरेंन्द्र सहवाग के बीच 268 रन की साझेदारी है।