
नई दिल्लीः नौकरी करने वालों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप भी नौकरी करते हैं और अप्रेजल का इंतजार कर रहे हैं तो इस बार इंडिया में कंपनियां कर्मचारियों की सैलरी में औसतन 9.8 यानी करीब 10 फीसदी का इजाफा कर सकती हैं। पिछले साल 2022 की तुलना में यह थोड़ा ज्यादा है। साल 2022 में यह आंकड़ा 9.4 फीसदी था।
परफॉर्मस की सैलरी में होगा ज्यादा इजाफा
कोर्न फेरी के नवीनतम सर्वे के मुताबिक, जो भी कर्मचारी ज्यादा अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं उन लोगों के लिए यह वेतन वृद्धि कहीं इससे कहीं ज्यादा होगी। कंपनियां विभिन्न प्रतिभा प्रबंधन कदमों और क्षतिपूर्ति योजनाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण और प्रमुख प्रतिभाओं को बनाए रखने पर ध्यान दे रही हैं। सर्वेक्षण में लगभग 800,000 से अधिक कर्मचारियों वाले 818 संगठनों को शामिल किया गया। इस सर्वेक्षण के मुताबिक, 2023 में भारत में वेतन में 9.8 फीसदी की वृद्धि का अनुमान है। महामारी से प्रभावित साल 2020 में वेतन में इजाफा 6.8 फीसदी से काफी कम था, लेकिन मौजूदा वृद्धि का रुख मजबूत और बेहतर स्थिति को दर्शाती है।
टेक्नोलॉजी में 10 फीसदी से ज्यादा ग्रोथ की उम्मीद
भारत के बढ़ती हुई डिजिटल क्षमता निर्माण पर ध्यान दिये जाने के अनुरूप, सर्वेक्षण में लाइफ साइंस और स्वास्थ्य देखभाल और हाई टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में क्रमशः 10.2 फीसदी और 10.4 फीसदी तक की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।