
नई दिल्ली : हालिया सर्वे के मुताबिक 98.8 प्रतिशत लोगों ने चीनी सामानों के बहिष्कार का समर्थन किया है। कनफेडेरशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने 19 जून से 27 जून के बीच सर्वे किया, सर्वे में चीन के साथ चल रहे वर्तमान हालात से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे। इस मुद्दे पर पूरा देश चीन के खिलाफ एकजुट है।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी सी भरतिया ने सर्वे के नतीजों का खुलासा करते हुए बताया की नौ दिन तक हुए इस ऑनलाइन सर्वे में व्यापारियों, लघु उद्योग, किसान, हॉकर्स, उपभोक्ता, स्वयं उद्यमी, महिला उद्यमी,ग्रहणी,कामकाजी महिलाएं, विद्यार्थी एवं सामाजिक संगठनों से सवाल पूछे गए। सर्वे में पूछा गया कि क्या आप चीन द्वारा भारतीय फौजों के खिलाफ की गई कार्रवाई को गलत मानते हैं, जिसका 95.8 प्रतिशत जवाब हां था, वहीं भारतीय सेना के 20 जवानों की मृत्यु पर भी 99.9 प्रतिशत लोग चीन के खिलाफ हैं।
97.6 प्रतिशत लोग चीन को सबक सिखाना चाहते हैं और भारतीय फौज के साथ मजबूती से खड़े हैं। 98.8 प्रतिशत लोग चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के पक्ष में हैं, 98.8 प्रतिशत लोग चीन का सामान नहीं खरीदना चाहते। सर्वे में देश के सभी राज्यों के लगभग दस हजार लोग शमिल थे।