नयी दिल्ली: राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) के कार्यवाहक चेयरपर्सन न्यायमूर्ति बीएल भट का कार्यकाल सरकार ने चौथी बार फिर बढ़ा दिया है। बुधवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि न्यायमूर्ति भट का कार्यकाल 67 साल की आयु पूरी होने या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, के लिए बढ़ाया गया है। न्यायमूर्ति भट की जन्मतिथि 19 अप्रैल, 1954 है। इस लिहाज से उनका कार्यकाल करीब तीन महीने बढ़ाया गया है। भट का एनसीएलएटी के कार्यवाहक चेयरपर्सन के रूप में कार्यकाल 31 दिसंबर, 2020 को समाप्त हो रहा था। भट को 15 मार्च, 2020 को तीन महीने के लिए एनसीएलएटी का कार्यवाहक चेयरपर्सन नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल 15 जून, 2020 को तीन महीने के लिए बढ़ाया गया था। फिर उनका कार्यकाल 16 अक्टूबर, 2020 तक एक महीने के लिए बढ़ाया गया। अक्टूबर में उनका कार्यकाल न्यायिक सदस्य न्यायमूर्ति एआई एस चीमा के साथ 31 दिसंबर, 2020 तक बढ़ाया गया।