

बेतिया/सीतामढ़ी : बिहार में पहले चरण के मतदान के बाद 11 नवम्बर को दूसरे चरण के मतदान होने जा रहे हैं। ऐसे में सभी पार्टियों ने चुनावी रैली के लिए कमर कस ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीतामढ़ी जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा तीखे स्वर में कहा कि राज्य की जनता स्पष्ट रूप से कह रही है- ‘नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार राजग सरकार।’ क्योकि जनता अच्छे से देख रही है कि राजग बेहतर शिक्षा और खेल जैसे क्षेत्रों में विकास के अलावा स्टार्ट-अप उद्यमों को भी बढ़ावा दे रहा है।
नेताओं का नहीं, बल्कि बिहार की जनता का चुनाव
मोदी ने कहा, ‘मैंने अपना प्रचार अभियान भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की धरती से शुरू किया था और अब उसका समापन चंपारण की ऐतिहासिक भूमि पर कर रहा हूं। हालांकि प्रचार कल तक जारी रहेगा, लेकिन यह मेरी अंतिम जनसभा है।’ उन्होंने कहा कि यह चुनाव नेताओं का नहीं, बल्कि बिहार की जनता का चुनाव है। उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि राजग हर बूथ पर विजयी हो। एक भी बूथ पर हमें हार का सामना नहीं करना चाहिए।’
चंपारण ने गांधी जी को ‘महात्मा’ का दर्जा दिया
चंपारण की धरती को नमन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘यह वही भूमि है, जिसने गांधी जी को ‘महात्मा’ का दर्जा दिया था। इसी धरती पर आज बिहार विकास के नए अध्याय की शुरुआत कर रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘बिहार जल्द खाद्य प्रसंस्करण का ‘पावरहाउस’ और वस्त्र उद्योग (टेक्सटाइल हब) का केंद्र बनेगा।'
राजद की सत्ता बिहार का सबसे बुरा दौर
राज्य में पूर्ववर्ती राजद के शासनकाल को याद करते हुए मोदी ने कहा कि बेतिया ने ‘जंगलराज’ के सबसे बुरे दौर को देखा है। उन्होंने कहा, ‘कट्टा और रंगदारी की राजनीति ने बिहार को बर्बाद कर दिया था। हमें उस दौर से बिहार को बचाना है।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैंने हाल में एक वीडियो देखा, जिसमें एक बच्चा राजद की रैली में कह रहा था कि वह बड़ा होकर ‘रंगदार’ बनना चाहता है। यह बिहार की युवा पीढ़ी के साथ अन्याय है। राजद और कांग्रेस के लोग बच्चों से ‘रंगदार’ बनने के नारे लगवा रहे हैं।’
महंगाई डायन खाए जात है
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासनकाल में महंगाई चरम पर थी। उन्होंने कहा कि ‘उस वक्त हर घर में ‘महंगाई डायन खाए जात है’ जैसे गीत गूंजते थे। मोदी ने कहा आज हम गरीबों की जरूरतों को समझते हुए मोबाइल फोन और इंटरनेट जैसी सुविधाओं को सस्ता बना चुके हैं।
यह भी पढ़े :- JSW Cement का शुद्ध लाभ 75.36 करोड़