
कोलकाता : मध्य कोलकाता के विख्यात चोरबागान सार्वजनिन दुर्गोत्सव समिति ने इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों में कुल 54 पुरस्कार हासिल किए हैं। इनमें विश्व बांग्ला सेरार सेरा पूजा और कोलकाता नगर निगम की कोलकाता श्री सेरार सेरा पूजा शामिल हैं। समिति के सचिव जयंत बनर्जी ने बताया कि इस साल दुर्गापूजा का थीम अंतर शक्ति है। पंडाल की सजावट, सर्वश्रेष्ठ प्रतिमा का पुरस्कार के साथ ही कई श्रेणियों में विभिन्न संस्थानों द्वारा पुरस्कृत किया गया है। यूनेस्को द्वारा दुर्गापूजा को अमूर्त सांस्कृतिक विरासत का दर्जा देने के प्रथम वर्ष में इतनी बड़ी संख्या में पुरस्कार हासिल करना बहुत बड़ी उपलब्धि है। वहीं चोरबागान के पूजा पंडाल को देखने के लिए लाखों की संख्या में लोगों की भीड़ हो रही है। महा सप्तमी के दिन करीब 3.5 लाख लोगों पंडाल घूमने के लिए आए। महा अष्टमी के दिन पंडाल घूमने आए लोगों को मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ सेल्फी लेते देखा गया। भीड़ नियंत्रित करने के सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं। इसके साथ ही पूजा आयजकों की ओर से निजी सुरक्षा बल को भी तैनात किया गया है।