दक्षिण 24 परगना : महेशतल्ला थानांतर्गत डाकघर नूतनपाड़ा में घर के सामने शराब पीने का विरोध करने पर एक महिला और उसकी वृद्ध मां को कुछ युवकों ने पेड़ से बांध कर मारपीट की। महिला का आरोप है कि युवकों ने मारपीट के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस घटना में महिला डॉली बर्मन और उसकी वृद्धा मां बुरी तरह घायल हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार डॉली अपनी वृद्धा मां के साथ 22 नंबर वार्ड के कृष्णकांत मुखर्जी के मकान में करीब 2 वर्ष से किराये पर रहती है। मकान मालिक और महिला से किराये को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। इस वजह से महिला अपने घर का किराया मकान मालिक को नहीं देकर सीधे रेंट कंट्रोल में जमा करती थी। स्थानीय लोगों का आराेप है कि महिला हमेशा लोगों से विवाद करती थी। रविवार की रात को महिला के घर के सामने कुछ युवक शराब पीकर गालीगलौज कर रहे थे। महिला ने उन्हें वहां से चले जाने को कहा। इसके बाद युवकों ने महिला से गलत बर्ताव कर मारपीट शुरू कर दी। लोगों द्वारा सूचना पाकर महेशतल्ला थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल महिला और उसकी मां को विद्यासागर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। मकान मालिक फरार बताया जा रहा है। महेशतल्ला थाने की पुलिस घटना की जांच कर रही है।
शराब पीने का विरोध करने पर महिला से मारपीट
Visited 175 times, 1 visit(s) today