
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई ने विधान भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही गौरव गोगोई ने कहा कि पेट्रोल, डीजल समेत जरूरी चीजों के बढ़ते दाम और जनता से जुड़े असली मुद्दों को वह संसद में उठायेंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता हो या नहीं, हमें लोगों की आवाज बननी है। आज के माहौल में विपक्ष की अहम भूमिका है क्योंकि केंद्र की भाजपा सरकार एक शहंशाह की तरह अराजकता फैला रही है। 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें सत्ता मिली, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि 5 साल देश के लोगों के प्रति उनकी कोई जवाबदेही नहीं होगी। जो मन चाहे, वो करेंगे, ऐसी विचारधारा उनकी गलत है। इसलिए भारत के लोगों को खुद को बेबस नहीं समझना चाहिये, खुद को अकेला नहीं समझना चाहिये, उनकी हर पीड़ा और जायज ख्वाहिश कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज बनकर दिल्ली में सत्ता में बैठी सरकार के पास ले जायेगी। देश में ऐतिहासिक बेरोजगारी के साथ जीडीपी में कमी है, निवेश नहीं है, लॉकडाउन के बीच पेट्रोल – डीजल के दाम बढ़ रहे हैं जो पूरी तरह अमानवीय है। गौरव गोगोई ने कहा कि पूरी तरह असंवेदनशील सरकार को लोगों ने वोट दिया है, इस सरकार ने जो कोविड राहत की घोषणा की, वह भी केवल कागजी है। पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण चीजों के दाम भी बढ़ गये हैं। इस सरकार ने लोगों को गरीबी की ओर धकेल दिया है। कोविड से पहले भी जीएसटी और नोटबंदी के कारण अर्थव्यवस्था नीचे की ओर खिसक रही थी। सरकार लोगों से टैक्स के नाम पर रुपये वसूलती है, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जहां तेल के दाम कम हो रहे हैं, वहीं हमारे देश में अलग ही स्थिति है। पीएसयू को देखें, ओएनजीसी की बात करें तो यहां भी उत्पादन कम हो गया है। आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है, सरकार का पूरा ध्यान केवल निजी करण कर देश की संपत्ति और पीएसयू को बेचने पर है। ऐसा कर उनकी अर्थव्यवस्था को खराब किया जा रहा है। इन मुद्दों को आगामी संसद सत्र में भी उठाया जाएगा। पंचायतों से लेकर ब्लॉक व जिला स्तर पर प्रदर्शन भी किये जाएंगे। कांग्रेस इस सरकार का ध्यान असली मुद्दों पर लाकर रहेगी। भाजपा सरकार चाहे जितनी भी कोशिश कर ले लोगों को भटकाने की, लेकिन हम वापस उनका ध्यान असली मुद्दों पर लाकर उनकी जवाबदेही बनाकर रहेंगे।