बंगाल की नहीं, अन्य 8 राज्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति से दिलीप घाेष की दूरियां अब बढ़ गयी हैं। अब बंगाल छोड़कर अन्य 8 राज्यों की सांगठनिक जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष संभालेंगे। हालांकि दिलीप घोष को मिली ये जिम्मेदारी उनका राजनीतिक विकास है या फिर बंगाल की राजनीति से उनकी विदाई, इसे लेकर चर्चा जोरों पर है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव को लक्ष्य कर देश भर में भाजपा ‘बूथ सशक्तीकरण अभियान’ शुरू कर रही है। इसके लिए बिहार, झारखण्ड, ओडिशा, अण्डमान व उत्तर-पूर्व के 4 राज्यों मणिपुर, मेघालय, असम व त्रिपुरा में संगठन की जिम्मेदारी दिलीप घोष को दी गयी है। देश भर में लगभग 75,000 कमजोर बूथों को भाजपा ने चिह्नित किया है और उक्त राज्यों के कमजोर बूथों का ​जिम्मा दिलीप घोष को मिला है। राज्य में विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा ठीक प्रदर्शन नहीं किये जाने के बाद मियाद खत्म होने से पहले ही दिलीप घोष को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया था। वर्ष 2021 के सितम्बर महीने में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन इसके बाद उन्हें निर्दिष्ट कोई जिम्मेदारी नहीं दी गयी थी। दिलीप घोष की दूरियां क्रमशः प्रदेश नेतृत्व से बढ़ती गयीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के अनुभवों को लेकर उन्होंने सवाल उठाया तो कभी शुभेंदु अधिकारी को लेकर विभिन्न बयानों को लेकर भी विवाद हुआ। वहीं दिलीप घोष को मिली इस जिम्मेदारी से प्रदेश भाजपा के कुछ नेता खुश हैं। उनका कहना है​ कि दिलीप घोष के वि​भिन्न समयों पर दिये बयानों के कारण मुश्किलें उत्पन्न हो जाती हैं। अब उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है तो बंगाल की छोटी-छोटी बातों पर कम से कम वह बयान नहीं देंगे। इस मुद्दे पर दिलीप घोष ने सन्मार्ग से कहा, ‘पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी तरह निभाऊंगा। अगले महीने से मेरा प्रवास विभिन्न राज्यों में शुरू होगा। टीम बनायी जाएगी, सर्वे होगा। हारने वाले बूथों को कैसे मजबूत करना है, इस काम काे देखूंगा।’ वहीं बंगाल की ​जिम्मेदारी से हटने के मुद्दे पर दिलीप घोष ने कहा, ‘मैं बंगाल का सांसद हूं। मिदनापुर लोकसभा इलाके में बूथ सशक्तीकरण का कार्यक्रम ताे मुझे करना ही होगा। अन्य राज्यों में मुझे काफी अधिक सफर करना होगा, ये ठीक है, लेकिन नेतृत्व के चाहने पर बंगाल के किसी भी जगह पर मैं हाजिर हो जाऊंगा।’

शेयर करें

मुख्य समाचार

Radha Ashtami 2023: राधा अष्टमी पर अगर पहली बार रखने जा …

कोलकाता : हिंदू धर्म में भाद्रपद मास के शुक्लपक्ष की अष्टमी की तिथि को बहुत ज्यादा धार्मिक महत्व माना गया है क्योंकि इस दिन भगवान आगे पढ़ें »

OMG आदमी को लगा दिया सुअर का दिल

मैरीलैंड : आपने इंसानों में ट्रांसप्लांट के बारे में तो सुना होगा। पर क्या आपने इंसानों में जानवरों के अंगों के ट्रांसप्लांट के बारे में आगे पढ़ें »

ऊपर