
कोलकाताः बंगाल से भाजपा के लिए अब अच्छी खबर नहीं आ रही है। नंदीग्राम सीट पर सुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी से आगे चल रहे हैं लेकिन दोनों के बीच वोटों का अंतर कम हो गया है। अधिकारी चौथे राउंड की गिनती के बाद अब सिर्फ 4000 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। एक वक्त यही बढ़त 9 हजार वोट तक पहुंच गयी थी।
कमल हसन आगे चल रहे हैं
तमिलनाडु चुनाव नतीजों की बात करें तो एमएनएम के मुखिया और फिल्म अभिनेता कमल हसन कोयंबटूर दक्षिण सीट से आगे चल रहे हैं।
बंगाल में आंकड़ा एक बार फिर करवट ले रहा है। ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी 189 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा एक बार फिर रुझानों में पिछड़ती नजर आ रही है। भाजपा सिर्फ 98 सीटों पर ही आगे चल रही है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन आगे बढ़ने के बजाए पीछे लौटने लगा है। गठबंधन अब सिर्फ पांच सीटों पर ही आगे चल रहा है।
क्या कहते हैं चुनाव आयोग के आंकड़े?
चुनाव आयोग के मुताबिक बंगाल में रुझानों में टीएमसी 87 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं भाजपा 47 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। दो सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वोट शेयर की बात करें तो चुनाव आयोग के मुताबिक टीएमसी को 50.25% और भाजपा को 35.48% वोट शेयर मिलता नजर आ रहा है।
बंगाल में सभी 292 सीट के रुझान सामने आए
बंगाल में सभी 292 सीटों के रुझान आ गए हैं, टीएमसी 171 सीट पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा 115 और कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन 6 सीटों पर आगे चल रहा है। बंगाल में एक तरफ जहां टीएमसी को बहुमत मिल गया है तो वहीं नंदीग्राम में ममता बनर्जी के लिए अच्छी खबर नहीं आ रही है। नंदीग्राम में भाजपा के सुभेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। सुभेंदु अधिकारी और ममता नर्जी के बीच 8 हजार से ज्यादा वोट का अंतर है।
तमिलनाडु, असम, केरल और पुदुचेरी का हाल
असम में भाजपा गठबंधन 66 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं कांग्रेस 29 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। दो सीट पर अन्य उम्मीदवार आगे हैं। केरल में लेफ्ट की बढ़त वोटों कि गिनती शुरू होने के साथ ही शुरू हो गयी थी जो अब भी बरकरार है। लेफ्ट गठबंधन 82 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं कांग्रेस गठबंधन 54 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं भाजपा सिर्फ तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। तमिलनाडु की बात करें तो भाजपा गठबंधन 89, कांग्रेस गठबंधन 133 और अन्य सीटों पर आगे चल रही है। पुदुचेरी में भाजपा गठबंधन 9 सीटों पर तो कांग्रेस गठबंधन पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।