
मिदनापुर : पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत चंद्रकोणा इलाके में ग्रामीणों ने अवैध सम्बध का आरोप लगाकर एक युवक और एक विवाहित महिला को एक लैंप पोस्ट में बांधकर बुरी तरह से पिटाई की। शनिवार को हुई इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह युवक चंद्रकोणा थाना अंतर्गत मनोहरपुर गांव में रहता है। जबकि विवाहित महिला कुलदह नामक गांव की निवासी है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों के बीच लंबे अरसे से अवैध संबंध है। इसकी वजह से वह युवक अक्सर कुलदह गांव में उस विवाहित महिला के घर पर भी आता है। बताया जाता है कि वह युवक शनिवार को भी उस महिला के घर पर पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि घर में उन दोनों को आपत्तिजनक अवस्था में देखा गया था। जिससे स्थानीय लोग काफी नाराज हो गए। इसके बाद ही ग्रामीणों ने युवक और उस विवाहित महिला को पकड़ लिया तथा गांव में स्थित एक लैंप पोस्ट में बांध दिया। इसके बाद लोगों ने दोनों को झाड़ू, लाठी और जूते चप्पलों से खूब मारा। यहां तक कि गांव में रहने वाली एक उम्रदराज महिला भी उन दोनों की पिटाई करती हुए देखी गयी। पिटाई का यह वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी वहां पहुंचे तथा युवक और उस विवाहित महिला को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों को चिकित्सा के लिए खीरपाई के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल इस घटना में पुलिस ने किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।