
4 – 5 हटाकर लगाये जायेंगे पार्टी कार्य में
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य मंत्रिमंडल में कल भारी फेरबदल होने जा रहा है। कई नये चेहरे आ रहे हैं तथा कुछ पुराने को हटाकर पार्टी के कार्य में लगाया जायेगा। सोमवार को सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि बुधवार को शाम चार बजे मंत्रिमंडल में फेरबदल की योजना है और पांच – छह नये चेहरों को इसमें शामिल किया जा सकता है। चार – पांच को मंत्रालय से हटाकर पार्टी व संगठन के कार्यों में लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि सुब्रत मुखर्जी, साधन पांडे की मौत हो चुकी है। पार्थ चटर्जी जेल में हैं। इनका काम कौन करेगा। किसी न किसी को करना होगा। सुब्रत मुखर्जी पंचायत, पीएचई विभाग देखते थे, साधन पांडे उपभोक्ता विभाग देखते थे, पार्थ दा उद्योग, आईटी, पार्लियामेंट अफेयर्स देखते थे। ये विभाग बिना मंत्री के खाली हैं। बता दें कि कई विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारी ममता बनर्जी खुद संभाल रही हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि उनके लिए अकेले इनकी जिम्मेदारियां संभालना भी संभव नहीं है, इसलिए यह बदलाव किया जायेगा।
मंत्रिमंडल भंग करने की खबरों को किया खारिज
सीएम ने मंत्रिमंडल भंग करने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि वर्तमान में कई विभागों का संचालन बिना किसी मंत्री के हो रहा है। ऐसे कई विभाग हैं, जिनका कोई समर्पित मंत्री नहीं है। अकेले पूरा संभालना संभव नहीं है।
किसकी होगी एंट्री व कौन होगा एग्जिट, टिकी निगाहें
ममता बनर्जी ने मंत्रिमंडल में कई नये लोगों को शामिल करने की घोषणा कर दी है, वहीं कई को मंत्रिमंडल से विदाई देकर पार्टी कार्य में लगाया जायेगा। अब ऐसे में प्रशासनिक से लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि वे कौन 5 – 6 नये चेहरे हैं जिन पर ममता बनर्जी भरोसा जताते हुए कैबिनेट में एंट्री दिलवाएंगी, साथ ही वे कौन सीनियर हैं जिनके अनुभव को पार्टी के कार्य में लगाना चाहती हैं। बहरहाल, सबसे अहम बात यह है कि सोमवार को ही पार्टी में जिला सांगठनिक स्तर पर भी बड़ा फेरबदल किया गया है। कई चेयरमैन तथा प्रेसिडेंट पद को भी खाली रखा गया है। क्या कैबिनेट से इसका वास्ता है? यह सवाल घूम रहा है।
इन जिलों से नये की एंट्री होने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक हुगली, उत्तर 24 परगना, कोलकाता से नये को एंट्री मिल सकती है। बहरहाल कौन आयेगा और कौन जायेगा, इसे लेकर प्रशासनिक माहौल में निगाहें टिकी हुई हैं।