
कोलकाता : इस बार मार्च में ही गर्मी अपनी पूरी तपिश दिखा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। बता दें कि 3 मार्च से तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। बताया जा रहा है कि अन्य वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष मार्च में गर्मी अधिक होगी।
डोल में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार इस बार डोल में महानगर में गर्मी का मौसम रहेगा। सुबह और रात में थोड़ी राहत मिल सकती है पर दोपहर में तेज धूप लोगों को बेहाल करेगी। कोलकाता में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जिले में तापमान इससे थोड़ा अधिक रह सकता है।
फिलहाल गर्मी से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकती है। कोलकाता में बुधवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। कोलकाता में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं।