कोलकाता : बंगाल में पिछले 24 घंटे में तापमान में मामूली सुधार के बावजूद यहां लोगों को कड़कड़ाती ठंड से राहत नहीं मिली है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक राज्य में गंगासागर मेले तक कड़कड़ाती ठंड जारी रहेगी। कोलकाता में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के अंदर ही रहेगा। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार सहित अन्य हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में गुरुवार से तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं और मकर संक्रांति पर मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, उत्तर और दक्षिण बंगाल में अगले 48 घंटे तक ठंड बनी रहेगी। जिसके बाद तापमान में धीरे-धीरे थोड़ी वृद्धि होगी। लेकिन सर्दी का मिजाज बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि आज रात का तापमान 13.2 डिग्री से घटकर 13 डिग्री सेल्सिय पर आ जाएगा। दिन का तापमान 23.1 डिग्री से थोड़ा बढ़कर 25.4 डिग्री सेल्सियस हो जाएगा। सुबह बहुत हल्का कोहरा रहेगा। दोपहर बाद आसमान साफ रहेगा और अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। जिसके बाद में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।