
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर से इस बार ठण्ड विदा हो रही है। मौसम विभाग की ओर से इस सप्ताह तापमान और बढ़ने की संभावना जतायी गयी है। फिलहाल उत्तर-पश्चिम की ओर से राज्य में हवा का प्रवेश नहीं हो रहा है। ऐसे में इस सप्ताह तापमान कम होने की कोई संभावना नहीं है। अगले 4-5 दिनों में शुष्क मौसम बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं जतायी गयी है। दिन में भी रात का तापमान स्वाभाविक से 3 से 4 डिग्री अधिक रहेगा। कोलकाता का तापमान अगले दो दिनों में 30 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक जी. के. दास ने कहा कि सोमवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो स्वाभाविक से 3 डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान भी स्वाभाविक से 3 डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, हाल में जी-20 व जलवायु परिवर्तन के राष्ट्रीय व प्रादेशिक परिप्रेक्ष्य विषय पर की गयी चर्चा में बताया गया कि इसी गति से ग्लोबल वार्मिंग जारी रही तो वर्ष 2080 तक कोलकाता का अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री तक पहुंच जाएगा। अम्फान से ही 13 मिलियन लोग प्रभावित हुए और 13 बिलियन डाॅलर का नुकसान हुआ। देश की जीडीपी का 3% नुकसान ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से हो रहा है। ग्लोबल वार्मिंग पर नियंत्रण नहीं किया गया तो 2081 से लेकर अगले कुछ दशकों में कोलकाता का अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।