
बिहार के किशनगंज की महिला की बंगाल के डॉक्टरों ने की सर्जरी
संदीप त्रिपाठी
कोलकाताः बिहार के किशनगंज की निवासी शोभा देवी टेंपों से कहीं जा रही थी। इस बीच एक अन्य वाहन से बांस लादकर लेकर जाया जा रहा था। दुर्घनावश बांस का बड़ा हिस्सा उनके पीठ से होते हुए शरीर को पार कर गया। आनन-फानन में महिला को पहले पूर्णिया व फिर किशनगंज में इलाज के लिए लेकर जाया गया। यहां के डॉक्टरों ने महिला को रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल पहुंचे। देर रात करीब डेढ़ बजे सभी यहां पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने महिला की जांच की। इसके बाद पाया कि तुरंत सर्जरी आवश्यक थी। महिला की सर्जरी करना भी काफी गंभीर मामला था।
घण्टों चली सर्जरी, महिला की हालत अब भी गंभीर
नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल के असिस्टेंट प्रोफेसर एनेस्थिया डॉ.अभिषेक गांगुली ने बताया कि सर्जरी के विभागीय प्रमुख डॉ.अमरेंद्र नाथ सरकार के नेतृत्व में हमने सर्जरी की योजना बनाई। टीम में डॉ.संचिता व डॉ. सूर्यकांत भी शामिल थे। नॉर्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल के डॉ. उदयन मजूमदार ने कहा कि सर्जरी के साथ ही गंभीरता का ध्यान रखना आवश्यक था। देर रात ही सर्जरी शुरू की गई। बांस को निकाल दिया गया है। डॉ.अभिषेक गांगुली ने कहा कि 3 घण्टे से अधिक समय तक सर्जरी प्रक्रिया चली। बांस को हटाने के लिए मरीज की थोरैकोटॉमी हुई। हालांकि बांस के कारण पसली का काफी हिस्सा घायल हुआ है। मरीज को मेकैनिकल वेंटिलेशनल पर रखा गया है। अगले 24 घण्टे काफी महत्वपूर्ण है।